जीरकपुर। शहर में धुंध और तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शहर में हो रहे इन हादसों के कारण कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ चुकी है। इसी तरह का एक हादसा शनिवार देर रात हुआ जिसमें एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक चालक को अपनी चपेट में लेकर रौंद दिया। इससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ने हेलमेट पहन रखा था पर ट्रक की चपेट में आते ही हेलमेट सिर से निकल गया। मृतक की पहचान मनदीप सिंह (22) निवासी रामगढ़ भुड्ढा के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
एसएचओ गुरवंत सिंह ने बताया कि देर रात करीब 9 बजे मृतक मनदीप अपनी बाइक पर पटियाला रोड की तरफ जा रहा था कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक मोटरसाइकिल चालक के ऊपर से निकल गया, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक अपना ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसको मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक का शव डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।