मोहाली। एयरपोर्ट रोड पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार टिप्पर ने एक्टिवा पर जा रही मां-बेटी को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान टिप्पर काफी दूर तक दोनों को एक्टिवा सहित घसीटते हुए ले गया। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी बेटी को अस्पताल में ले जाया गया और उसने वहां पर दम तोड़ दिया। इसकी सूचना मिलते ही पीसीआर पार्टी मौके पर पहुंच गई और इसके बाद पीछा करके चालक को टिप्पर सहित काबू कर लिया। चालक की पहचान मेहताब सिंह के रूप में हुई है। सोहाना थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर दलजीत सिंह ने बताया कि मृतक महिला की पहचान 45 साल की राजविंदर कौर और उनकी 15 वर्षीय बेटी दरवेश कौर मूल निवासी बठिंडा के रूप में हुई है। फिलहाल वह मोहाली के सेक्टर-68 में रह रहे थे। उनके परिवार को हादसे की सूचना दे दी गई है। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि बच्चों को पढ़ाने के लिए ही यह परिवार बठिंडा से आकर यहां रह रहा था। पुलिस ने टिप्पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा 200 फुट चौड़े एयरपोर्ट रोड पर गुरुद्वारा श्री सिंह शहीदां से खरड़ की तरफ जाते हुए खतरनाक मोड़ पर हुआ है और इस मोड़ पर मां-बेटी की एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया था। इसी बीच पीछे से मोहाली नंबर का रेत से भरा टिप्पर आ रहा था और उसने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में मृतक मां-बेटी दोनों ने ही हेलमेट पहना हुआ था। लेकिन टिप्पर उनको घसीटते हुए ले गया तो इस हादसे गंभीर रूप से घायल होने पर दोनों की मौत हो गई।
खतरनाक मोड़ न होता हो बच जाती जान
इस हादसे के मौके पर सबसे पहले पहुंचे पीसीआर कर्मी एएसआई सतवंत सिंह ने बताया कि उन्हें 112 नंबर पर सूचना मिली थी। जब वह पहुंचे तो महिला की मौत हो चुकी थी। जबकि उनकी बेटी की हालत गंभीर थी। उन्होंने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एएसआई ने बताया कि यह हादसा इस रोड पर ब्लाइंड मोड़ होने के कारण हुआ है। उन्होंने बताया कि अकसर इस खतरनाक मोड़ पर वाहन चालकों को संतुलन बिगड़ने का अंदेशा रहता है। इसलिए लोगों को यहां से धीमी गति से ही वाहन चलने चाहिए। इसके साथ ही यहां खतरनाक मोड़ होने की सूचना और धीमी गति से चलने की सूचना देने के लिए सूचना बोर्ड लगे होने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मोड़ को खत्म करने के लिए यहां की सड़क को और ज्यादा चौड़ा किया जाना चाहिए, ताकि हादसों को रोका जा सके।
एसएसपी बोले- खतरनाक मोड़ किया जाएगा खत्म
जब इस खतरनाक मोड़ पर मां-बेटी की सड़क हादसे में मौत की खबर सोशल मीडिया पर आई, तो मोहाली पुलिस के सीनियर अधिकारी भी हरकत में आ गए। इसके मद्देनजर एसएसपी सतिंदर सिंह ने कहा कि यह घटना अति दुखद है। हालांकि उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी की इस खतरनाक मोड़ पर जान न जाए, इसके लिए वह प्रशासन का सहयोग लेकर उचित कार्रवाई करवाएंगे। वहीं दूसरी ओर एसपी ट्रैफिक गुरजोत सिंह कलेर ने कहा कि यह मामला गंभीर है। वह इस दिशा में ठोस कदम उठाकर कार्रवाई करेंगे, जिससे दोबारा ऐसेे हालात न बनें।