इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8 में एक तेज रफ्तार कार चालक ने साइकिल सवार एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार चालक नशे में धुत था। इसके बाद उन्होंने हादसे की सूचना पीसीआर पार्टी को दी तो पुलिस ने करीब 4 किलोमीटर पीछा करके आरोपी कार चालक को दबोच लिया।
मृतक की पहचान 40 साल के नन्हें लाल निवासी मदनपुर के रूप में हुई है। जबकि आरोपी कार चालक दानिंदर सिंह निवासी अंसल प्लाजा खरड़ निवासी है। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- ‘मोम की गुड़िया’ के हीरो रवि चोपड़ा जूझ रहे कैंसर से, आर्थिक हालात खराब, सोनू सूद से मांगी मदद
ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक साइकिल सवार नन्हें लाल इंडस्ट्रियल एरिया में काम करता था। शनिवार की शाम जिस दौरान वह अपने काम से वापस लौट रहा था तो इसी दौरान ब्रीजा कार चालक ने अचानक उसे पीछे से हिट कर दिया और सड़क पर गिरते ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद कार चालक वहां से फरार हो गया। तभी लोगों की सूचना पर पीसीआर पार्टी ने कार सवार का पीछा किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को चार किलोमीटर बाद फेज-4 में प्रेस क्लब के पास से दबोच लिया।
इस दौरान जब पुलिस ने आरोपी को कार से नीचे उतारा तो उस समय भी वह नशे में लग रहा था। हालांकि पुलिस वालों का कहना था कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। आरोपी का मेडिकल चेकअप करवाया जा रहा रहा है और उस पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जल्द बनने चाहिए साइकिल ट्रैक
बता दें कि इससे पहले भी शहर में साइकिल ट्रैक न होने के कारण इस तरह के हादसे हो चुके हैं। अगर आज साइकिल ट्रैक बना होता तो नन्हें लाल की जान बच सकती थी। शहर के लोग लंबे समय से नगर निगम से मांग कर रहे है कि शहर में साइकिल ट्रैक बनाए जाएं, जिससे चंडीगढ़ और पंचकूला की तरह ही लोग साइकिल ट्रैक पर बिना खतरे के साइकिल से आ-जा सकें।