मोहाली। एसटीएफ ने सोमवार को एक पति-पत्नी सहित तीन लोगों को 370 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। इनक कब्जे से 2.5 लाख की ड्रग मनी और सोने के गहने भी बरामद किए गए हैं। सभी आरोपी पटियाला के रहने वाले हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
एसटीएफ के एआईजी हरप्रीत सिंह ने बताया कि एसटीएफ को ड्रग सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी जिसके बाद एसटीएफ ने नाकाबंदी की। इसी दौरान जाइलो कार में सवार तीन लोगों को रोका गया। चेकिंग के दौरान कार में सवार कुलदीप सिंह उर्फ दीपा, सर्बजीत कौर व गगनदीप सिंह के पास से हेरोइन बरामद की गई। कार के डैश बोर्ड से 2.5 लाख रुपये कैश व 168.920 ग्राम वजन के सोने के गहने बरामद हुए। तीनों आरोपी पटियाला जिले के थाना बनूड़ के गांव चंगेरा के रहने वाले हैं।
हरप्रीत सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान कुलदीप सिंह उर्फ दीपा ने बताया कि 2015 में उसने आईटीआई से इलेक्ट्रिशियन का डिप्लोमा किया था। नौकरी न मिलने पर उसने टैक्सी ड्राइवर का काम शुरू कर दिया। इसी दौरान वह हेरोइन का नशा करने लगा और उसका आदी हो गया। इसके बाद वह दिल्ली से सस्ते दाम पर हेरोइन लाकर यहां सप्लाई करने लगा। सन 2015 में बनूड़ थाने में उसके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज हुआ जिसमें उसे जुर्माना लगाया गया था। इसके बाद 2018 में हरियाणा के पंचकूला में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज हुआ, जो विचाराधीन है। गिरफ्तार की गई सर्बजीत कौर अपने पति कुलदीप सिंह की ड्रग्स सप्लाई करने में मदद करती थी।