संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। मोहाली की एक कंपनी के पोर्टल को हैक करने के बाद बड़े पैमाने पर हेल्थ इंश्योरेंस का डेटा चोरी करने के आरोप में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह मामला वित्रया टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक हरपाल सिंह राणा ने दर्ज करवाया है। इस कंपनी का दफ्तर मोहाली इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8ए में हैं। हरपाल सिंह राणा ने साइबर पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाए कि किसी कंपनी ने उनकी रजिस्टर्ड कंपनी सिस्टम, सर्वर, पोर्टल पर अनधिकृत पहुंच की और पोर्टल को हैक कर लिया। उन्होंने बताया कि उनके पोर्टल पर उपलब्ध कई गोपनीय और मूल्यवान डेटा की बड़े पैमाने पर चोरी कर लिया।
शिकायतकर्ता ने कहा कि उनकी कंपनी को नुकसान पहुंचाने और एक दूसरी कंपनी को गलत लाभ पहुंचाने के इरादे से आपराधिक साजिश को आगे बढ़ाने के लिए वित्रया कंपनी के सुरक्षित डेटा को बिना अनुमति या लाइसेंस के कई बार डाउनलोड करके जानबूझकर और अवैध रूप से उसका दुरुपयोग किया गया है। शिकायतकर्ता राणा ने कहा कि उनकी कंपनी निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस, आदित्य बिड़ला हेल्थ इंश्योरेंस और स्टार हेल्थ इंश्योरेंस जैसे प्रमुख स्वास्थ्य बीमा प्रदाताओं के साथ काम करती है। यह एक सुरक्षित, स्वचालित दावा प्रसंस्करण तकनीक प्रदान करती है जो अपने ग्राहकों के लिए पारदर्शिता और धोखाधड़ी की रोकथाम सुनिश्चित करती है। शिकायतकर्ता अत्यधिक संवेदनशील और गोपनीय रोगी डेटा का प्रबंधन और भंडारण करता है जिसमें मेडिकल रिकॉर्ड, उपचार विवरण, बीमा दावे और व्यक्तिगत रूप से पहचान योग्य जानकारी जैसे आधार कार्ड विवरण शामिल हैं, जो साइबर कानून और डेटा गोपनीयता के तहत संरक्षित हैं। अज्ञात ने कंपनी के पोर्टल को हैक करके उक्त सारा डेटा चोरी कर दूसरी कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए दिया है। साइबर पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।