मोहाली। वीआईपी जिले की महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर से बचाने के लिए अब सेहत विभाग जंग लड़ेेगा। सेहत विभाग की ओर से पंद्रह जून से जिले की सरकारी सेहत संस्थाओं में ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए शिविर लगाए जाएंगे। यह शिविर बिल्कुल मुफ्त रहेंगे। सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कैंसर की डिजिटल जांच और इलाज को तेज करने के लिए जिले की सरकारी संस्थाओं में शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने इलाके की महिलाओं से इन शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
सिविल सर्जन ने बताया कि सेहत विभाग की कोशिश है कि महिलाओं को उनके घर के नजदीक ही उचित सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। इन शिविरों के लिए विशेष आधुनिक डिजिटल मशीनें अस्पताल में उपलब्ध रहेंगी। जिला अस्पताल मोहाली में सेहत और परिवार भलाई विभाग के डायरेक्टर डॉ. अरीत कौर 15 जून को शिविर का शुुुुभारंभ करेंगी। यह शिविर जिला अस्पताल में 15 से 22 जून तक लगाए जाएंगे। सरकारी अस्पताल खरड़ में 23 जून से 28 जून, डेराबस्सी में 29 जून से 4 जुलाई तक, लालड़ू के सरकारी अस्पताल में पांच से छह जुलाई तक, बनूड़ के सरकारी अस्पताल में तीन जुलाई से आठ जुलाई, बूथगढ़ के सरकारी अस्पताल में नौ से 12 जुलाई, घडुआं के सरकारी अस्पताल में 13 जुलाई से 15 जुलाई तक और कुराली अस्पताल में 16 से 19 जुलाई तक शिविर लगाए जाएंगे। सिविल सर्जन ने महिलाओं से अपील की है कि वह इन शिविर का पूरा लाभ उठाएं। याद रहे कि नई सरकार के सत्ता में आने के बाद यह दूसरा इस तरह का प्रयास है। इससे पहले सेहत विभाग ने सेहत मेले आयोजित किए थे। जिसमें मामूली राशि में सभी लोगों की सेहत की जांच की गई थी। यह प्रयास पूरी तरह कामयाब रहा था। साथ ही इसके तहत पूरे राज्य को कवर किया गया था।
हर साल ब्रेस्ट कैंसर से होती है महिलाओं की मौत
जानकारी के मुताबिक कुछ समय पहले एक रिसर्च सामने आई थी कि पंजाब में 30-49 आयु वर्ग की महिलाओं में केवल चार फीसदी में सर्वाइकल और दो फीसदी में ब्रेस्ट कैंसर जांच की जाती है। वहीं मात्र 7.9 फीसदी आबादी के मुंह के कैंसर की जांच की गई है। इसी तरह हरियाणा में 30 से 39 साल की महिलाओं में केवल 7.7 फीसदी में सर्वाइकल और आठ फीसदी में ब्रेस्ट कैंसर का पता लगा है। हर साल ब्रेस्ट कैंसर से महिलाओं की मौत होती है। विशेषज्ञों के मुताबिक 2030 तक विश्व में कैंसर से होने वाली मौतों की संख्या बढ़कर 13 मिलियन हो जाएगी, जबकि अभी यह संख्या 10 मिलियन है।