खरड़। दिवाली के मौके पर जहां लोगों ने बाजारों में दिल खोलकर खरीदारी की, वहीं कुछ ठगों ने दुकानदारों को ही ठग लिया। स्थानीय शहर खरड़ के मुख्य बाजार में एक ठग ने भीड़ का फायदा उठाकर कई दुकानदारों को अपना निशाना बनाया। दुकानदार रोबिन गोयल और लवली जैन ने बताया कि दिवाली से एक दिन पहले उनकी दुकान पर एक युवक आया और कुछ खरीदारी करने के बाद उसने उनकी दुकान पर लगे स्कैनर पर अपना स्कैनर लगा दिया। उन्होंने बताया कि उक्त ठग ने कई दुकानों के बाहर लगे स्कैनर पर अपना स्कैनर लगाया था। इसके बाद ग्राहकों की पेमेंट उस व्यक्ति के खाते में जाने लगी। उन्होंने बताया कि उक्त युवक द्वारा लगाए स्कैनर के नाम अलग-अलग और खाते अलग-अलग हैं। उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति द्वारा बाजार में जैन क्राकरी स्टोर नामक दुकान पर स्कैनर लगाया गया था। इससे उनको काफी नुकसान हुआ। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों से आरोपी की रिकार्डिंग हो गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने सिटी खरड़ पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज करवाई है ताकि उक्त ठग के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने दुकानदारों के साथ-साथ आम जनता से अपील की है कि स्कैनर पर भुगतान करने से पहले एक बार दुकानदार का नाम अवश्य पूछें।