फेज-3-5 के लाइट प्वाइंट से होकर फेज-5 या मदनपुरा जाने वाले लोगों को रविवार दिनभर काफी परेशानी झेलनी पड़ी। चंद कदमों के सफर को तय करने के लिए लोगों को करीब आधे किलोमीटर का चक्कर फ्री में लगाना पड़ा।
इससे उनके पेट्रोल एवं समय दोनों की बर्बादी हुई। जानकारी के मुताबिक गमाडा द्वारा फेज-3-5 के लाइट प्वाइंट पर फुट ओवर ब्रिज के पास रविवार को ड्रेनेज लाइन डाली जा रही थी। इसके लिए जेसीबी से सड़क की खुदाई की गई थी। ऐसे में किसी भी प्रकार कोई घटना न हो।
इसके चलते गमाडा द्वारा रोड की एक साइड को 3-5 के लाइट प्वाइंट के पास बंद कर दिया था। ऐसे में फेज-7 की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को वाया पीसीएल चौक होकर चलाया जा रहा था। ऐसे में लोग देर शाम तक परेशान होते रहे। दूसरी तरफ पीसीएल चौक की तरफ जा रही सड़क पर बिखरी मिट्टी से भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
कई टेलीफोन कंपनियों की तारों का पहुंचा नुकसान
ड्रेनेज लाइन के लिए की जा रही खुदाई से कई टेलीफोन कंपनियों की तारों को भी नुकसान पहुंचा। कई कंपनियों के मुलाजिम दिनभर फोन तारों की मरम्मत में जुटे रहे। कंपनी के मुलाजिमों का कहना है कि तार कटने से इंटरनेट एवं फोन दोनों तरह की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
बस स्टैंड के पास पहुंचा ड्रेनेज लाइन का काम
गायत्री शक्ति पीठ से नए बस स्टैंड की तरफ आ रही सड़क पर भी ड्रेनेज लाइन बिछाने का काम जोरों पर चल रहा है। अब काम बस स्टैंड के काफी करीब पहुंच गया है। उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों में काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद सड़क को चौड़ा करने की कार्रवाई शुरू होगी। यह सड़क दोनों तरफ से चौड़ी होनी है। इसके लिए गमाडा ने सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। सड़क की दोनों साइड नई स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएगी।