मोहाली। मिशन ग्रीन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को फेज-6 स्थित हरमिंदर पाल सिंह सरकारी कॉलेज से ग्रीन मोहाली रैली निकाली गई। इसकी शुरुआत वन एवं वन्यजीव मंत्री लाल चंद कटारुचक ने गैर सरकारी संगठनों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेस्स, सीआरपीएफ कर्मियों को हरी झंडी दिखाकर की गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान सरकार ने इस वर्ष राज्य भर में सवा करोड़ पौधे लगाने की पहल की है और अब तक 80 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। वहीं, वन और वन्य जीव विभाग ने भी सरकारी ट्यूबवेलों पर कम से कम तीन पौधे लगाने का अभियान शुरू किया है। उन्होंने गवर्नमेंट कॉलेज मोहाली फेज-6 के प्रांगण में भी पौधे लगाए।
इसके बाद पंजाब के सूचना और जनसंपर्क मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने ग्रीन मोहाली रैली में हिस्सा लेते हुए रोज गार्डन, 3बी1 में पौधे लगाए। ग्रीन मोहाली रैली को जारी रखते हुए जिला योजना समिति की चेयरपर्सन प्रभजोत कौर ने बोगनविलिया गार्डन, फेज-4 में भी पौधे लगाए। वहीं, विधायक प्रिंसिपल बुद्ध राम ने भी रैली में हिस्सा लेकर पौधे लगाए और विद्यार्थियों और नागरिकों को पेड़ों के महत्व के बारे में जागरूक करने के लिए वन और वन्यजीव विभाग के प्रयासों की सराहना की।
सेक्टर-78 मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में मोहाली ग्रीन रैली के समापन पर विधायक कुलवंत सिंह ने प्रतिभागियों को अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण की देखभाल करने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर डीएफओ कंवरदीप सिंह ने ग्रीन रैली मोहाली में शामिल मंत्रियों, विधायकों और अध्यक्षों का धन्यवाद किया। रैली के संयोजक परमिंदर पाल सिंह ने कहा कि सेवक सभा, जीरकपुर, मूल सृष्टि फाउंडेशन, फिट फाउंडेशन, वॉरियर स्पोर्ट्स और वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन, पुकार- ह्यूमैनिटीज वॉयस, ग्रीन प्लैनेट सोसाइटी, स्वर्गीय योग राज फाउंडेशन, हरियावल पंजाब, देश भगत रेडियो जैसे विभिन्न संगठन एक मंच पर एकत्र हुए और सामूहिक रूप से पर्यावरण के लिए आवाज उठाई।