मोहाली। श्री गुरु रविदास के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गांव सोहाना में गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना और गुरुद्वारा डेरा साहिब की प्रबंधक कमेटियों व संगतों के सहयोग से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा डेरा साहिब से होकर पूरे क्षेत्र की परिक्रमा करते हुए पुनः वहीं संपन्न हुई। नगर कीर्तन की अगुवाई पंच प्यारों ने की। सुसज्जित पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का पावन स्वरूप विराजमान था। रागी जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। फौजी बैंड, गतका पार्टियों और विभिन्न बैंड दलों ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। मार्ग में जगह-जगह संगतों द्वारा चाय, पकौड़े, मिठाइयों व सूखे मेवों का प्रसाद वितरित किया गया।