जीरकपुर। शहर में बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ट्रैफिक पुलिस जीरकपुर ने बुधवार को सिंहपुरा चौक में कार्रवाई की। ट्रैफिक पुलिस ने गलत पार्किंग करने वाले 40 वाहनों के मौके पर ही चालान काटकर नियम तोड़ने वालों को कड़ा संदेश दिया। यह कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर मनफूल सिंह की अगुवाई में की गई। इंस्पेक्टर मनफूल सिंह ने कहा कि जब लोग चंडीगढ़ में ट्रैफिक नियमों का पालन कर सकते हैं तो जीरकपुर में क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई जारी रहेगी। ट्रैफिक पुलिस की इस मुहिम से जहां सड़क पर जाम की समस्या कम हुई, वहीं नियम तोड़ने वालों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।