पंजाब के मुख्यमंत्री ने टवीट कर किया एलान, प्रत्येक को मिलेंगे 51 हजार
शिक्षकों को भी सरकार करेगी सम्मानित, अन्य विद्यार्थियों को मिलेगी प्रेरणा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) की आठवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में पूरे सूबे में टॉप करने वाली तीनों छात्राओं को अब पंजाब सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। सरकार द्वारा तीनों छात्राओं को 51-51 हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन छात्राओं के शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा। सरकार की कोशिश यही है इससे अन्य विद्यार्थियों को आगे भी बढ़ने की प्रेरणा मिले। पीएसईबी के 8वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम बेटियां का परिणाम शानदार रहा है। बेटियों ने जहां टॉप तीन स्थानों कब्जा किया है। वहीं, 356 विद्यार्थियों की मेरिट सूची में केवल 46 लड़कों को छोड़कर अन्य सभी स्थानों पर बेटियां रही हैं। परीक्षा परिणाम 98.01 फीसदी रहा था। परीक्षा में 298127 विद्यार्थी बैठे थे। इनमें से 292206 ने परीक्षा पास की है। सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल बुढलाडा मानसा की दो छात्राएं एक समान अंक लेकर क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर रही हैं। इनमें लवप्रीत कौर और गुरअंकित कौर शामिल हैं। दोनों ने 600/600 (100 फीसदी) अंक हासिल किए हैं। गुरु नानक पब्लिक सीनियर सेकेंडरी बस्सीया लुधियाना की समरप्रीत कौर 598/600 (99.67) अंक लेकर सूबे में तीसरे स्थान पर रहीं। थी। बोर्ड की तरफ कहा गया था कि यह परिणाम विद्यार्थियों की तुरंत जानकारी के लिए है। अगर इसमें कोई खामी रह जाती है तो इसके लिए बोर्ड जिम्मेदार नहीं होगा। जो विद्यार्थी परीक्षा पास नहीं कर पाए हैं, उनके लिए पीएसईबी की तरफ से दो महीने के बाद दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों को अलग से दाखिला फार्म भरने होंगे। इसके साथ ही वह कक्षा 9वीं में अस्थायी दाखिला ले पाएंगे। परीक्षा के बाद जो विद्यार्थी पास हो जाएंगे, उन्हें प्रमोटेड और जो पास नहीं कर पाएंगे उन्हें नॉट प्रमोटेड लिखा जाएगा। वह दोबारा 8वीं कक्षा में दाखिला ले पाएंगे।