जीरकपुर। शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। लोहगढ़ इलाके में चोर एक रात पहले रेकी करते हैं और उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस से बेखौफ ये चोर जीरकपुर शहर में रोजाना चोरी कर रहे हैं।लोहगढ़ की महाराजा अग्रसेन चेरिटेबल डिस्पेंसरी से शनिवार की रात चोर लाखों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। डिस्पेंसरी के डॉ. हरिराम बंसल और लैब टेक्नीशियन अरुण शर्मा ने बताया कि जब वे सुबह डिस्पेंसरी पहुंचे तो डिस्पेंसरी का ताला टूटा था और सामान बिखरा था। जांच की तो चोरों ने डिस्पेंसरी से एसी, इनवर्टर, दो बड़ी बैटरियां, कंप्यूटर, कंप्यूटर की एलईडी, डीवीआर और दवाइयों सहित 1100 की नकदी चोरी कर ली थी। उन्होंने तुरंत मैनेजर कुलभूषण गोयल और जीरकपुर थाने की पुलिस को सूचना दी। जिन्होंने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। महाराजा अग्रसेन चेरिटेबल डिस्पेंसरी के मैनेजर कुलभूषण गोयल ने बताया कि उन्होंने जीरकपुर थाने में शिकायत दर्ज करा दी है।
डिस्पेंसरी में पहले भी चोरी हो चुकी है। यह एक चेरिटेबल डिस्पेंसरी है, जो कम दाम पर काम करता है और जनता के सहयोग से चलाया जाता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। गौरतलब है कि इस मौके पर शहर में ऐसे हालात हुए हैं कि लोग अपने घरों और दुकानों को खाली नहीं छोड़ सकते।