चंडीगढ़। जीएमएसएच-16 में मरीजों को जरूरी जांच के लिए अब भी इंतजार करना पड़ रहा है। करीब डेढ़ माह पहले खत्म हुई थायरायड, विटामिन डी-3 और विटामिन बी-12 की टेस्ट किट अब तक अस्पताल में नहीं पहुंची हैं। इसके चलते ओपीडी में आने वाले मरीजों को डॉक्टर की ओर से लिखी गई जांच कराने के लिए निजी लैब जाना पड़ रहा है। तीनों जांच एक साथ कराने पर निजी लैब में करीब 1300 से 2100 रुपये तक खर्च हो सकता है। इससे सरकारी अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। मरीजों का कहना है कि अस्पताल में जांच की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण उन्हें बाहर से जांच करवानी पड़ रही है।
अस्पताल प्रशासन ने करीब 18 दिन पहले बताया था कि लगभग 70 लाख रुपये की खरीद के लिए मंजूरी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और खरीद का ऑर्डर भी भेज दिया गया है। उस समय जल्द टेस्ट किट उपलब्ध होने का दावा किया गया था। हालांकि, अब तक सप्लाई नहीं पहुंचने से मरीजों की परेशानी बरकरार है।