चार गांवों करतारपुर, बूथगढ़, राजगढ़ और कांसाला के जमीन मालिकों से सुझाव और आपत्तियां मांगी जाएंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। न्यू चंडीगढ़ में प्रस्तावित ईको सिटी-4 परियोजना के लिए गमाडा ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके तहत चार गांवों करतारपुर, बूथगढ़, राजगढ़ और कांसाला के जमीन मालिकों से सुझाव और आपत्तियां मांगी जाएंगी। गमाडा 12 नवंबर को गांव करतारपुर में जनसुनवाई आयोजित करेगा। यह जनसुनवाई भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन में उचित मुआवजा और पारदर्शिता के अधिकार अधिनियम, 2013 के तहत की जा रही है। गमाडा के अधिग्रहण कलेक्टर रोहित जिंदल ने बताया कि ईको सिटी-4 के आवासीय प्रोजेक्ट के लिए इन गांवों की जमीन ली जानी है। जनसुनवाई के दौरान प्रभावित जमीन मालिकों को अपने विचार और आपत्तियां रखने का अवसर मिलेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मालिक निर्धारित तारीख पर उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकते हैं। इससे जमीन अधिग्रहण से जुड़े मामलों में प्रभावित लोगों के सुझाव रिकॉर्ड पर लिए जाएंगे।
जनसुनवाई 12 नवंबर को दोपहर 12 बजे गांव करतारपुर के गुरुद्वारा साहिब में होगी। इस दौरान संबंधित अधिकारी जमीन मालिकों की बात सुनेंगे। जनसुनवाई के बाद जमीन संबंधी प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ईको सिटी-4 परियोजना में आवासीय और व्यावसायिक विकास की योजना है। इसमें आधुनिक बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। परियोजना में 100 वर्ग गज से लेकर दो कनाल तक के आवासीय प्लॉट प्रस्तावित हैं। दुकानों, शोरूम, बूथ और एससीओ साइटों के लिए व्यावसायिक क्षेत्र बनाए जाएंगे। मल्टी स्टोरी अपार्टमेंट के लिए ग्रुप हाउसिंग और संस्थागत क्षेत्र भी शामिल होंगे। इस परियोजना में स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और सामुदायिक केंद्र भी बनाए जाएंगे। इसके साथ ही पार्क और खुले क्षेत्र भी विकसित किए जाएंगे। चौड़ी सड़कें परियोजना का अहम हिस्सा होंगी। भूमिगत सीवरेज, ड्रेनेज, बिजली और पाइपलाइन से पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।