मोहाली। एरोसिटी के लिए अधिग्रहीत जमीन मालिकों को करीब 15 सालों के बाद कॉमर्शियल प्लाॅट मिले हैं। इन प्लाटों की एलओआई पहले ही जारी की जा चुकी थी। वीरवार को सेक्टर-88 स्थित पूरब अपार्टमेंट के कम्यूनिटी सेंटर में गमाडा की ओर से मालिकों/ पुन आवंटियों को पहले से आवंटित एससीओ और बे-शॉप्स का ड्रा नंबरिंग से निकाला गया। आवास निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि यह नंबरिंग ड्रा 100 वर्ग गज के 166 एससीओ, 121 वर्ग गज के 159 एससीओ और 60 वर्ग गज की 167 बे-शॉप्स के लिए निकाला गया। मंत्री ने कहा कि ड्रा जमीन मालिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है क्योंकि वे लंबे समय से इन एससीओ और बे-शॉप्स के लिए नंबर आवंटित होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। मुंडियां ने कहा कि इस ड्रा ने आवंटियों के लिए निर्माण के बाद वाणिज्यिक गतिविधियां शुरू करने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। एससीओ और बे शॉप्स के आवंटन पर खुशी व्यक्त कर शरणप्रीत सिंह, देवांश त्रेहन और विवेक बांसल ने कहा कि वे ड्रा के परिणाम से पूरी तरह संतुष्ट हैं। अब जल्द ही अपना व्यावसायिक उपक्रम शुरू कर सकेंगे। ड्रा निकालने की प्रक्रिया की निगरानी गमाडा के मुख्य प्रशासक विशेष सारंगल, अतिरिक्त मुख्य प्रशासक अमरिंदर सिंह मल्ली और एस्टेट ऑफिसर (प्लॉट) रविंदर सिंह में हुई।