डेराबस्सी। पंजाब सरकार के मिशन क्लीन पंजाब के दावों के बीच डेराबस्सी-मुबारिकपुर रोड पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। सड़क किनारे जमा कूड़े में आवारा पशु घूमते हैं और यह सड़क पर बिखर जाता है। इससे राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कूड़े की बदबू से दुकानदारों और आसपास के निवासियों का जीना मुश्किल हो गया है। गंदगी से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने नगर परिषद को कई बार शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। उन्होंने प्रशासन से तुरंत कूड़ा हटाने और नियमित सफाई की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि समाधान न होने पर वे प्रदर्शन करेंगे और सड़क जाम करेंगे।