स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने मोहाली सेक्टर-70 से भगोड़े लखबीर सिंह उर्फ लंडा के साथी गैंगस्टर राजन भट्टी को मोहाली अदालत में पेश किया। उसे कड़ी सुरक्षा में मोहाली लाया गया था। एसएसओसी ने अदालत ने राजन भट्टी का रिमांड लेते समय तर्क दिया कि आरोपी काफी शातिर है और उस पर 20 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने मोहाली में टारगेट किलिंग अंजाम देना था, लेकिन उसके लिए वह अपने आका गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लंडा के निर्देशों का इंतजार कर रहा था। एसएसओसी ने अदालत को कहा कि राजन भट्टी से पूछताछ करनी है कि उसके टारगेट में कौन था और मोहाली में किस वारदात को अंजाम देने वाला था। वारदात के लिए उसके कौन से साथी उसके साथ थे। अदालत ने एसएसओसी की दलीलें सुनने के बाद गैंगस्टर राजन भट्टी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
राजन भट्टी हेरोइन व गैर कानूनी हथियारों की खेप पंजाब व दिल्ली के क्षेत्रों में मुहैया करवाता था। इन हथियारों व नशे को वह पंजाब में अपने अलग-अलग क्षेत्रों में साथियों से आगे सप्लाई करवाता था। उसकी पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गैंगस्टर राजन भट्टी युगांडा (अफ्रीका) में रहते पंजाब आधारित हेरोइन तस्करों के सीधा संपर्क में था। राजन भट्टी अब अलग-अलग ठिकानों पर पहचान बदलकर मोहाली में रह रहा था। एसएसओसी राजन भट्टी से उसके आपराधिक नेटवर्क व सहयोगियों के बारे में अहम जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ कर रही है।
आरोपी से 270 ग्राम हेरोइन व 7 लाख 97 हजार ड्रग मनी बरामद
गैंगस्टर राजन भट्टी को एसएसओसी ने सेक्टर-70 से गिरफ्तार किया था, जब वह अपनी बीएम डब्ल्यू गाड़ी में मोहाली आया था। जब एसएसओसी उसकी कार का पीछा कर रही थी तो उसने गली में गाड़ी घुसा ली थी और खुद को घिरा देखकर गाड़ी भगाकर एक कोठी में छलांग लगा दी थी, जहां कांटेदार तार से उसके हाथ जख्मी हो गए थे।
एसएसओसी ने जब उसकी बीएमडब्ल्यू गाड़ी की तलाशी ली तो एक .32 बोर पिस्टल, 4 कारतूस बरामद हुआ था। एसएसओसी टीम ने जब उसके सेक्टर-70 स्थित फ्लैट में छापा मारा तो .45 बोर पिस्टल, 5 कारतूस, 270 ग्राम हेरोइन व 7 लाख 97 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद हुई। राजन भट्टी ने यह फ्लैट किराये पर लिया था।
एसएसओसी के दो मामलों में था भगोड़ा
एसएसओसी ने पूछताछ के दौरान बताया कि गैंगस्टर राजन भट्टी पहले ही थाना स्पेशल ऑपरेशन सेल मोहाली में एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज दो मामलों में भगोड़ा था। इन मामलों में उसके साथी प्रदीप सिंह निवासी मोगा और कृष्ण सिंह निवासी फिरोजपुर को हेरोइन सहित काबू किया गया था। एक अन्य मामले में भट्टी के साथी हरजसनीत और कमलजीत सिंह उर्फ प्रिंस दोनों निवासी बठिंडा को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया था।
पंजाब, दिल्ली व चंडीगढ़ में दर्ज हैं कत्ल के मामले
राजन भट्टी पर पंजाब, चंडीगढ़ व दिल्ली में कत्ल के मामले दर्ज हैं और वह पंजाब व चंडीगढ़ में 5 से अधिक केसों में भगोड़ा करार दिया जा चुका है। इसके अलावा उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, जबरन वसूली व इरादा कत्ल के कई मामले चंडीगढ़ के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। जिस पर एक मामला चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी जगबीर सिंह पर गोली चलाने का मामला भी दर्ज है। उसे पिछली बार दिल्ली की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था और तिहाड़ जेल से बाहर निकलने के बाद वह अंडरग्राउंड हो गया था।