मोहाली। फेज-1 थाना पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों के मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर उनके फोन हैक करते थे। इसके बाद बैंक खातों से रुपये निकाल लेते थे। ऑनलाइन शॉपिंग कर महंगे मोबाइल खरीदकर सस्ते दामों में बेच देते थे। एसपी सिटी दिलप्रीत सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल जगदा और अमर निवासी अमृतसर के रूप में हुई है।
आरोपियों ने देहरादून निवासी मनोज कुमार के मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर उसका फोन हैक कर लिया और उसके क्रेडिट कार्ड से करीब 1.25 लाख रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग की। इस दौरान तीन महंगे मोबाइल फोन खरीदे गए। पुलिस ने 13 अप्रैल को एचएम क्रिस्टल होटल फेज-1 के कमरा नंबर 301 से दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। उनके पास से तीन सीलबंद मोबाइल फोन, एक कार और अलग-अलग बैंकों के क्रेडिट व डेबिट कार्ड बरामद किए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।