लंबे समय से ठंडे चल रहे प्रॉपर्टी बाजार के बावजूद बुधवार को गमाडा की नीलामी को अच्छा रिस्पांस मिला। गमाडा 22 साइटों में से नौ बेचने में कामयाब रहा। इसमें सेक्टर-69 स्थित नर्सिंग होम व सेक्टर-82 आईटी स्थित स्कूल की बड़ी साइट है। स्कूल साइट 32.55 करोड़ में बिकी है।
गमाडा ने नीलामी से कुल 54 करोड़ 20 लाख 89 हजार रुपये कमाने में कामयाब रहा। गमाडा के अधिकारियों के मुताबिक नीलामी का रिस्पांस अच्छा रहा है। हालांकि प्रॉपर्टी बाजार के माहिरों के मुताबिक अगर साइटों के रिजर्व प्राइस में थोड़ी कटौती की होती तो गमाडा को अच्छा फायदा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक गमाडा की ओर से सेक्टर-70 में नीलामी रखी गई थी। नीलामी में नर्सिंग होम, स्कूल, रेसिडेंशियल व कॉमर्शियल साइट शामिल थीं। नीलामी की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई गई। इस दौरान गमाडा नौ साइटों को नीलाम करने में कामयाब रहा। इनमें सेक्टर-69 नर्सिंग होम की साइट, सेक्टर-82 आईटी सिटी में स्कूल साइट, रेसिडेंशियल साइट-67 और छह कॉमर्शियल साइट जिनमें चार एससीओ व दो बूथ शामिल हैं।
ऐसे बिकी साइट
सेक्टर-82 आईटी सिटी स्थित स्कूल साइट को नेक्स्टजेन वेंचर्स ने 325500000 में खरीदा। वहीं, नर्सिंग होम की साइट डॉ. केडी अस्पताल ने 40000000 में खरीदी। इसी तरह 350 वर्ग गज का रेसिडेंशियल प्लॉट 19001000 में बिका। जबकि सेक्टर-71 में तीन एससीओ 33450000, 33454000 व 33463000 में बिके। जबकि सेक्टर-68 में एससीओ 36210000 पर बिका।
क्या कहते हैं प्रॉपर्टी बाजार के माहिर
मोहाली प्रॉपर्टी कंसलटेंट एसोसिएशन के सीनियर मेंबर शलिंदर आनंद का कहना है कि जिस हिसाब से बाजार चल रहा है। उसी हिसाब से नौ साइट बिकना बड़ी बात है। प्रॉपर्टी बाजार के लिए यह अच्छे संकेत हैं। उन्होंने माना कि रिजर्व प्राइस में अभी कटौती की जरूरत है।
क्या कहते हैं अधिकारी
गमाडा के एसीए सुखजीत पाल सिंह ने कहा कि नौ साइट बेचकर गमाडा ने 54.20 करोड़ रुपये कमाए हैं। यह मार्केट के लिए अच्छे संकेत हैं। बड़ी साइट्स भी गमाडा बेचने में कामयाब रहा है।