दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाले लोग जल्दी ही गमाडा से जुड़ी हर जानकारी अपने स्मार्ट मोबाइल या टैब पर हासिल कर पाएंगे। इसके अलावा लोग प्लॉटों की किश्तें एवं अन्य भुगतान भी फोन के माध्यम से कर पाएंगे।
इससे उनके समय और पैसे की बचत होगी। यह संभव होने जा रहा है गमाडा के थिंक टैंक की नई योजना से। इसके तहत गमाडा ने यूनिवर्सल मोबाइल ऐप नया सॉफ्टवेयर तैयार करने की दिशा में काम शुरू किया है।
गमाडा ने ऐप तैयार करने की जिम्मेदारी प्राइवेट कंपनी को सौंपने का फैसला लिया है। इसके लिए कंपनियों से आवेदन तक मांगे गए हैं।
गमाडा मैनेजमेंट ने यह फैसला उस समय लिया है, जब स्मार्ट फोन का चलन लगातार बढ़ रहा है। दूसरी तरफ गमाडा कई ऐसे प्रोजेक्ट लांच करने की तैयारी में है।
इसमें शहर ही नहीं देश तथा विदेश के लोगों के जुड़ने की भी उम्मीद है। गमाडा मैनेजमेंट ने अपने ई-प्रोजेक्ट के तहत ही ऐप तैयार करने की दिशा में काम शुरू किया है। इस काम में गमाडा की आईटी विंग नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगी।
गमाडा ने साफ किया है कि यह मोबाइल एप्लीकेशन भारत सरकार के द्वारा तय की गई शर्तों के मुताबिक ही बनाया जाएगा। इसके अलावा मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से जुड़े लोगों को एक ही समय में अपनी जानकारी दी जा सकेगी।
इस सॉफ्टवेयर पर गमाडा से जुड़ी फोटो, वीडियो समेत अन्य जानकारियां उपलब्ध रहेगी। गमाडा ने सॉफ्टेवयर तैयार करने के लिए कड़े नियम एवं शर्ते तय की है।
इस दौरान जो कंपनी गमाडी की शर्तों पर उतरेगी। उसे ही गमाडा द्वारा यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले गमाडा ने अपनी वेबसाइट के माध्यम से ऑन लाइन सिस्टम शुरू किया था।
सभी स्मार्ट फोन पर चलेगा सॉफ्टवेयर
गमाडा द्वारा तैयार किया जाने वाला सॉफ्टवेयर लगभग सभी फोन पर चलेगा। इसमें विंडो फोन, एंड्रॉयड, ब्लैकबेरी एवं मैक आदि शामिल है।
सॉफ्टवेयर की खास बात यह रहेगी कि गमाडा से लोग सीधा जुड़ पाएंगे। अपनी राय एवं फीडबैक भी दे पाएंगे। गमाडा अधिकारियों के मुताबिक ऐप तैयार करने वाली कंपनी ही इसकी देखरेख का जिम्मा भी संभालेगी।
प्रोजेक्ट होंगे हिट, लोगों का होगा फायदा
नए सॉफ्टवेयर से गमाडा के हर प्रोजेक्ट को फायदा मिलेगा। इससे जहां गमाडा के विज्ञापन के खर्च में कटौती होगी। वहीं, गमाडा आसानी से लोगों तक पहुंच पाएगा।
सॉफ्टवेयर से गमाडा की नीलामी, एजुकेशन सिटी, आईटी सिटी, इको सिटी-2, मेडिसिटी-2 समेत कई प्रोजेक्टों को काफी फायदा मिलेगा। इसके अलावा किसी भी सुविधा के रेट बढ़ने की जानकारी गमाडा ऐप के माध्यम से दे पाएगा।