दिल्ली और लखनऊ के बाद रविवार को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी रेल स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के लिए हेल्थ चेकअप मशीन इंस्टॉल करके शुरू कर दी गई है। पहले दिन इस मशीन पर चेकअप कराने को लेकर काफी रेल यात्रियों में काफी क्रेज दिखा।
स्वास्थ्य जांच के लिए रेलवे स्टेशन पर लगाई गई मशीन का नाम पल्स एक्टिव स्टेशन नेटवर्क है। फिलहाल इस मशीन के जरिए 21 तरह के टेस्ट किए जा रहे हैं। अगले माह से पांच टेस्ट और जुड़ जाएंगे। इसके एवज में रेल यात्रियों को महज 50 रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
जांच के बाद रिपोर्ट के लिए लोगों को इंतजार भी नहीं करना होगा और महज 10 मिनट में रिपोर्ट दी जाएगी। जांच के बाद 10 मिनट इंतजार न कर पाने वाले यात्री को ई-मेल पर टेस्ट रिपोर्ट भेज दी जाएगी। 12 लाख से अधिक रेलकर्मी और करोड़ों यात्री रेलवे की इस पहल का लाभ ले पाएंगे।
फिटनेस जांचने के लिए सभी बड़े रेलवे स्टेशनों पर स्वास्थ्य जांच मशीनें लगाई जा रही है। कंपनी का कहना है कि जल्द ही वह इन हेल्थ चेकअप बूथ पर बीपी, शुगर की जांच भी शुरू करेगी। इन 26 टेस्टों की एवज में रेल यात्रियों को 100 रुपये देने पड़ेंगे।
21 तरह के टेस्ट के लिए नहीं देना होगा ब्लड सैंपल
रेलवे की इस पहल के तहत लोगों को बोन टेस्ट, बॉडी मास इंडेक्स, ब्लडप्रेशर, मेटाबॉलिक एज, फैट, प्रोटीन मास, बॉडी सेल मास, बॉन मिनिरल कॉनटेंट, मिनिरल मास, एक्सट्रा सेल्यूलर वाटर, ड्राई लीन मास, हाईड्रेशन, परसेंटेज बॉडी फैट, ईसीडब्लू-टीबीडब्लू, पल्स स्कोर, आदि की रिपोर्ट मिलेगी।
इसके अलावा इन जांचों में पल्स रेट, हाइट मसल मास, हाईट बॉडी टेम्परेचर, बेसल मेटाबॉलिक रेट, नॉन ऑसियस मास, बॉडी में ऑक्सीजन की मात्रा और वजन भी शामिल रहेगा। स्टेशन पर मशीन का संचालन करने वाली कंपनी ने प्रवक्ता ने बताया कि इन सभी टेस्ट के लिए यात्रियों को ब्लड सैंपल नहीं देना होगा।