मोहाली। मोबाइल फोन वापस मांगने पर दोस्त ने अपनी गर्लफ्रेंड और साथियों के साथ मिलकर एक युवक को पीट डाला। इस युवक पर मोबाइल वाले कटर से हमला किया गया और उसके पेट में सात, बाईं बाजू पर तीन, गले और दाईं बाजू पर एक-एक कट लगा है। पीड़ित को जीएमसीएच, सेक्टर-32, चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया है। यहां उसे करीब 15 टांके आए हैं। सोहाना थाना पुलिस ने आरोपी मनान और मुस्कान को नामजद कर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में समीर खान निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश हाल निवासी गांव सोहाना ने बताया कि उसका एक सैलून है। उक्त आरोपी मनान उसका पुराना दोस्त है, जो मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाता है। मैंने उसे पैसे भी उधार दे रखे हैं और एक मोबाइल फोन भी ठीक करने के लिए दिया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी उसने फोन ठीक करके नहीं दिया। इस पर उसे कहा कि पैसे बाद में दे देना लेकिन मोबाइल फोन पहले दे दें, क्योंकि जिसका फोन है वह मांग रही है, वह कहीं और से ठीक करवा लेंगे और पैसे का लेनदेन बाद में कर लेंगे।
इसके बाद आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड मुस्कान और अन्य साथियों के साथ पहुंचा और मुझे दुकान से बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी, जब उसने उन्हें ऐसा करने से रोका तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद मोबाइल फोन वाले कटर से हमला करके उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया।