मोहाली। ठगी करने वाले आए दिन किसी न किसी नए तरीके से लोगों के साथ ठगी करके उन्हें अपना शिकार बना रहे हैं। गांव झामपुर स्थित गोविंद नगर में सस्ते दामों में गैस सिलिंडर और चूल्हा बेचने के नाम पर एक बुजुर्ग से एक युवक ने ठगी कर ली। पीड़ित की पहचान मोहम्मद शफीक (61) निवासी गोविंद नगर के रूप में हुई है। पीड़ित ने इस संबंध में अभी शिकायत नहीं दी है।पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि वह सुबह 11 बजे अपने घर के बाहर खड़े हुए थे। तभी एक अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर आया जो तीन हजार रुपये में सिलिंडर और चूल्हा बेचने की बात करने लगा। उसने कहा कि उसके किरायेदार मकान खाली करके जा रहे हैं और अपना सिलिंडर और चूल्हा बेचना चाहते हैं। बुजुर्ग ने जब मना किया तो उसने दो हजार रुपये में बेचने की बात की और अपने साथ मोटरसाइकिल पर चलने को कहा। इतने सस्ते में सिलिंडर-चूल्हा मिलने की बात पर वह उनके साथ चलने के लिए तैयार हो गए। घर से कुछ दूर जाते ही सुनसान सड़क पर पहुंचकर वह बुजुर्ग से पैसे छीनने के बाद मौके से फरार हो गया।