कुराली। सिसवां नदी को सीमित करके नाले के तौर पर लोगो में पेश करने व बाहरी क्षेत्रों के लोगों को गुमराह करके प्लॉट बेचने को लेकर मॉडल टाउन कॉलोनी के पीड़ित परिवारों ने पुलिस को शिकायत देकर कॉलोनलाइजरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कॉलोनी के पीड़ित परिवारों संतोष कुमार और पंडित वरिन्द्र मिश्रा ने बताया कि शहर के सिसवां रोड पर नदी के बांधों को खत्म करके बनाई गई डब्ल्यूडब्ल्यूआईसीएस कॉलोनी में नदी को सीमित कॉलोनलाइजरों ने कॉलोनी का विस्तार किया हुआ है। वहीं इस दौरान बारां पिंडी मंदिर कॉलोनी के लोगों ने बताया कि डब्ल्यूडब्ल्यूआईसीएस कॉलोनी वालों ने नदी बंद करके उस पानी का बहाव उनकी कॉलोनी की ओर कर दिया गया जिस कारण उनकी कॉलोनी का नुकसान हुआ है। इसी दौरान कॉलोनीवासी पार्षद दविन्द्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पीड़ित संतोष कुमार और अन्य कॉलोनी वासी स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायत देने के लिए थाना सिटी पहुंचे तो एसएचओ कुलवंत सिंह ने शिकायत एसएसपी को देने के लिए कहा।
पार्षद दविन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि नदी का रास्ता रोकने के कारण उनके वार्ड में काफी नुकसान हुआ है। इस मामले को लेकर वे दोनों कॉलोनियां बसाने वाले कॉलोनाइजर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए उच्च अधिकारियों को मिलकर शिकायत करेगें। दूसरी तरफ कौंसिल के ईओ गुरदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए रिकार्ड देखा जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही बनती कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा जाएगा।