चंडीगढ़। शहर में इन दिनों विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामलों में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसी कड़ी में अब पुलिस ने फिर से विदेश भेजने के नाम पर की गई धोखाधड़ी से संबंधित दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। पहले मामले में कोलकाता के आरएन टैगोर रोड निवासी स्वप्न चक्रवर्ती की शिकायत पर मनप्रीत उर्फ अभिषेक, रवि के खिलाफ सेक्टर-36 थाने में आईपीसी 420, 467, 468, 471, 120बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी आकाश और सीओ हंबल ओवरसीज कंसल्टेंट टॉप फ्लोर एससीओ नंबर 487/488 सेक्टर 35/सी चंडीगढ़ ने शिकायतकर्ता के साथ कनाडा में नौकरी दिलवाने के संबंध में उसे 61 लाख 50 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी की है। इन दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में सेक्टर- 20डी में एससीओ नंबर- 26 स्थित चंडीगढ़ इमीग्रेशन कंपनी प्रीज्म सर्विसेज ने यूपी के जिला मुजफ्फर नगर के गांव नियाजपुरा निवासी शमीम अहमद सेविदेश भेजने के नाम पर 2.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-19 थाने में बिहार के जिला मधेपुरा के मनचुन दास तांती निवासी मोहित व अभिनव के खिलाफ आईपीसी एक्ट 420, 120-बी और इमीग्रेशन एक्ट-24 के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि इन लोगों ने शिकायतकर्ता को वर्क वीजा पर विदेश भेजने के लिए पैसे लिए, लेकिन बाद में उसे न विदेश भेजा और न ही अब पैसे वापस कर रहे हैं।
मई महीने में ठगी के 20 से अधिक मामले सामने आए
पुलिस के आंकड़ों पर ही गौर करें तो महज मई महीने में ही ठगे से जुड़े करीब 20 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई केवल मामले दर्ज करने तक ही सिमट कर रह गई है।