कोरोना संकटकाल में छात्र अपनी पढ़ाई को लेकर परेशानी में हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हुई पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की एक डेटशीट से सभी छात्र सकते में आ गए। यह बात जब पीएसईबी तक पहुंची तो पता चला की डेट शीट फर्जी थी। अब बोर्ड सोशल मीडिया पर इस फर्जी डेट शीट को वायरल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है।
सोशल मीडिया पर पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षाओं की फर्जी डेटशीट जारी होने से छात्रों में खलबली मच गई। हालांकि, बोर्ड द्वारा इस डेट शीट का खंडन करते हुए इसे फर्जी बताया गया है। बोर्ड इस फर्जी डेटशीट को लेकर एक स्पष्टीकरण भी तैयार कर रहा है।
ऐप डाउनलोड करते समय गलती से एक ऑप्शन क्लिक हो गया, अब झेल रहा है कानूनी कार्रवाई
बोर्ड के पीआरओ के अनुसार, झूठी डेटशीट की अफवाह फैलाई गई है और इस तरह की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की जाएगी। पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड के प्रवक्ता ने कहा कि बोर्ड ने 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षाओं की कोई डेटशीट जारी नहीं की है। परिणाम की घोषणा के बाद, स्टूडेंट्स अगली कक्षाओं की पढ़ाई शुरू कर चुके हैं।
ऐसे में डेटशीट जारी होने की फर्जी खबर सुनने के बाद, वे भी हैरान हो गए। पंजाब भर के स्टूडेंट्स ने इस फर्जी डेटशीट को लेकर अपने टीचर्स से संपर्क किया। जिसके बाद मामला बोर्ड के पास पहुंचा। बोर्ड स्कूलों के जरिए स्टूडेंट्स को इस डेटशीट के फर्जी होने की जानकारी दे रहा है। बोर्ड ने उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है, जो इस फर्जी डेटशीट को सोशल मीडिया पर वायरल करने में संलिप्त हैं।