मोहाली। चिट फंड कंपनियों की तर्ज पर कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से साढ़े पांच लाख रुपये की ठगी हो गई। पुलिस ने गुरमीत सिंह निवासी फेज-7 मोहाली की शिकायत पर इन्द्रप्रीत सिंह निवासी सेक्टर 44, चंडीगढ़ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक यह ठगी एक सेल्फ स्टाइल प्राईवेट कंपनी में पैसे तीन वर्ष में दोगुने करने को लेकर की गई। गुरमीत ने बताया कि वह और उसका दोस्त पुरानी कारों की खरीद फरोख्त का काम करते थे। इसी बीच वह आरोपी इन्द्रप्रीत सिंह के संपर्क में आए। उसने बताया कि उसके पास कम समय में पैसे बढ़ाने का एक जरिया है। उसने उन्हें किसी फ्यूचर च्वाइस कंपनी में पैसा लगाने के लिए कहा। साथ ही बताया कि उनके पैसे तीन वर्ष में दोगुने हो जाएंगे। उन्होंने साढ़े पांच लाख रुपये के करीब कंपनी में लगाने के लिए उसे दे दिए। बाद में न तो उनके पैसे दोगुने हुए और न ही मूल धन वापस मिला। उन्होंने इन्द्रप्रीत सिंह से बातचीत की तो उसने उन्हें चेक दे दिए जो बाउंस हो गए। मटौर थाने के एसएचओ राजीव कुमार का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।