लालड़ू। मगरा गोशाला में भूख व ठंड से बड़ी गिनती में मर रही गायों को लेकर लोगों द्वारा नगर काउंसिल लालड़ू दफ्तर के आगे दिया जा रहा धरना वीरवार को चौथे दिन भी जारी रहा। इसमें अलग-अलग संस्थाओं के नुमाइंदों ने शिरकत करके अपना समर्थन देने का ऐलान करते हुए कहा कि 17 जनवरी को पंजाब सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ लालड़ू मंडी शहर में रोष मार्च निकाला जाएगा। वहीं जब तक गोशाला का प्रबंध चला रही निजी संस्था को बाहर नहीं निकाला जाता और गायों की मौत के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ पर्चा दर्ज नहीं किया जाता तब तक रोष धरना व संघर्ष जारी रहेगा।
इस मौके लोग भलाई संस्था के प्रधान हरविंदर सिंह झरमड़ी, गुलजार सिंह, मोहन सिंह फौजी, समाजसेवी श्यामकुमार शर्मा, नंबरदार वेद प्रकाश घोलूमाजरा, ब्राह्मण सभा के नुमाइंदे जनक राज, अशोक कुमार, सुशील कुमार, सीपीआई नेता कामरेड विनोद चुग, मास्टर कर्मचंद सहित बड़ी संख्या में औरतें भी धरने में शामिल हुई। उन्होंने पंजाब सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि गायों का मुद्दा हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं के साथ जुड़ा हुआ है। वे किसी कीमत पर भी गायों की भूख व ठंड से हो रही मौतों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने मोहाली के डीसी गिरीश दयालन से मांग की कि गोशाला की देखभाल करने की जिम्मेवारी निजी संस्था से लेकर स्थानीय लोगों को दी जाए।