लांडरां/बनूड़। शंभू बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस की ओर से गिराए गए आंसू गैस के गोलों से घायल चार किसानों को सीएचसी बनूड़ लाया गया। इनमें से तीन किसानों को चिकित्सा सहायता देकर घर भेज दिया गया जबकि एक युवक के माथे और आंख में गंभीर घाव के कारण उसे जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। सीएचसी बनूड़ की सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. रवनीत कौर ने बताया कि दविंदर सिंह नामक युवक गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचा था। उसकी बाईं आंख और माथे पर गहरे घाव थे। युवक की आंख क्षतिग्रस्त हो गई है। दविंदर सिंह को प्राथमिक उपचार देकर चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। मरीज के साथ अस्पताल पहुंचे बरही गांव के कमलजीत सिंह कामा ने बताया कि युवक की बाईं आंख पूरी तरह से खराब हो गई है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसएमओ ने बताया कि सुबह ग्यारह बजे पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने भी बनूड़ अस्पताल का दौरा किया। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं।