फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाकर मोटी रकम ऐंठने वाले गिरोह के चार शातिर गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
जीरकपुर। ढकोली पुलिस ने इवेंट मैनेजमेंट के नाम पर कार्यक्रम करवाने के लिए फर्जी लड़की पेश कर लोगों को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ठगने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सिम्मी उर्फ दिशा, भूपिंदर शर्मा उर्फ बंटी, एकता राजपूत उर्फ सोना और कपिल चोपड़ा के रूप में हुई है। ढकोली थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 342, 384, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है। चारों आरोपियों को वीरवार को डेराबस्सी की अदालत में पेश किया गया। यहां से अदालत ने उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
विज्ञापन

इस मामले का पर्दाफाश करने वाले ढकोली थाने के पूर्व एसएचओ नरपिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सुशील कुमार निवासी सेक्टर-44 चंडीगढ़ ने शिकायत दी थी कि उनका एक दोस्त नवनीत चोपड़ा मेट्रो प्लाजा जीरकपुर में इवेंट मैनेजमेंट का काम करता है। सुशील ने बताया कि उन्हें कई होटल और क्लब वाले जानते हैं और वह होटल वाले जब भी कोई इवेंट करवाते थे तो उनका दोस्त नवनीत चोपड़ा उन्हें इसके लिए स्टाफ मुहैया करवा देता था। इस इवेंट के जो पैसे मिलते थे, उसका कुछ हिस्सा वह कमीशन के तौर पर मुझे देता था और बाकी का हिस्सा इवेंट के स्टाफ में बांट देता था।
11 दिसंबर को नवनीत ने एक इवेंट के लिए एक लड़की दिशा उर्फ दीक्षा को सुल्तान रेस्टोरेंट सेक्टर-7 चंडीगढ़ में भेजा। नवनीत ने कहा कि लड़की ने दिल्ली से आना है और उसके आने-जाने का खर्चा करीब 2500 रुपये है, जो उन्हें देना पड़ेगा। इसके बाद लड़की ने अगले ही दिन 12 दिसंबर को पैसों की मांग की। जब उसने अपने दोस्त नवनीत से बात की तो उसने कहा कि वह किसी काम में बिजी है, इसलिए दिल्ली से आई लड़की को वह पैसे ट्रांसफर कर दे। जब सुशील ने लड़की से उसका बैंक अकाउंट नंबर मांगा तो उसने कहा कि वह ढकोली के होटल सन व्यू में ठहरी है और वह पैसे वहीं आकर दे जाए। जब वह दोपहर करीब ढाई बजे होटल पहुंचा तो दिशा उर्फ दीक्षा ने उसे कमरा नंबर-205 में बुला लिया। सुशील के अनुसार दीक्षा ने कमरे में बुलाकर उससे कहा कि वह उसके पिता की उम्र का है और वह आगे भी उनके साथ काम करेगी। यह कहकर दीक्षा उससे अश्लील हरकतें करने लगी। इतनी देर में कमरे के बाथरूम से दो लड़के और एक लड़की मोबाइल पर वीडियो बनाते हुए बाहर निकले और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद उक्त गिरोह के शातिरों ने उसका मोबाइल, कार की चाबी, एटीएम और जेब में रखे 22 हजार रुपये निकाल लिए। फिर उन्होंने उसे धमकी दी कि दीक्षा से छेड़छाड़ के आरोप में उस पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाएंगे। अगर वह ऐसा नहीं चाहता तो एक लाख रुपये उन्हें सौंप दे। इस पर वह डर गया और अपने दोस्त नवनीत को वहां बुलाया और उनके गिरोह का एक साथी उनके साथ गया, जहां उन्होंने ने एक्सिस बैंक ढकोली के एटीएम से 15 हजार रुपये निकलवा कर दिए। यहां पर तीन-चार घंटे की यातना के बाद उसे उसकी गाड़ी की चाबी मिली और उससे दोबारा 50 हजार रुपये की मांग की गई। इस पर नकद पैसे न होने पर उसने उन्हें यूको बैंक का एक चेक भर कर दे दिया और उस पर 15 दिसंबर की तारीख डाल दी। इसके बाद चारों शातिर उसे यह धमकी देते हुए चले गए कि अगर चेक क्लीयर नहीं हुआ तो उसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया जाएगा। इसके बाद सुशील ने इस मामले की शिकायत ढकोली थाने में दी थी। इस मामले की जांच के बाद पुलिस ने चारों शातिरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें