डेराबस्सी। चंडीगढ़ के एक सराफ से इनोवा सवार चार लुटेरों ने लिफ्ट देकर उससे एक लाख 20 हजार रुपये की नकदी, करीब दस लाख रुपये के सोने के गहने और अन्य सामान लूट लिया। पुलिस ने चार अज्ञात इनोवा सवार लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में चंडीगढ़ के सेक्टर-37सी निवासी पीड़ित सराफ दविंदर शर्मा ने बताया कि वह पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में अलग-अलग सराफ के पास से गहने लाकर उनकी मरम्मत का काम करता है। वीरवार को वह पोंटा साहिब से एक सराफ से मरम्मत करने के लिए गहने और अन्य सामान लेकर आ रहा था। वह शाम को 7 बजे पोंटा साहिब से चला था और शाम को 9 बजे अंबाला शहर के बलदेव नगर के ट्रैफिक लाइटों पर पहुंचा था। यहां पर वह चंडीगढ़ जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान एक इनोवा कार उसके पास आकर रुकी, जिसमें चार लोग पहले से ही सवार थे। चालक ने पूछा कि उसने कहां जाना है तो मैंने चंडीगढ़ जाने की बात कही। इस पर उन्होंने कहा कि वह भी चंडीगढ़ जा रहे हैं और कार में बैठी बाकी सवारियों को भी चंडीगढ़ ही जाना है। इसके बाद वह भी उनके साथ बैठ गया। तकरीबन साढ़े 9 बजे जब वह डेराबस्सी पहुंचे तो चालक ने इनोवा को डेराबस्सी के पास खेतों की ओर मोड़ लिया। वहां चारों सवारों ने उसे डरा धमकाकर उसके पास से एक लाख 20 हजार रुपये की नकदी, मरम्मत के लिए उसके बैग में रखे सोने के गहने, एटीएम, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज छीनकर उसे वहीं पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद उसने लूट की शिकायत डेराबस्सी की पुलिस को दी।
डेराबस्सी थाना प्रभारी सहायक इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच करने के बाद अज्ञात इनोवा सवारों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।