मोहाली। शहर में दो दिन में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। चारों हादसे लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुए हैं। चालक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। इनमें तीन हादसे सोहाना थाने के अंतर्गत और एक हादसा फेज-1 थाने के अंतर्गत हुआ है। पुलिस ने चारों मामलों में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। भागे वाहन चालकों की तलाश जारी है। पहला हादसा 15 नवंबर को सीपी मॉल से लांडरा जाने वाले मार्ग पर हुआ है। यहां एक बुलेट सवार युवक को तेज रफ्तार इनोवा कार ने टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय सहजप्रीत निवासी बस्सी पठाना की मौत हो गई। दूसरा हादसा सेक्टर-98/99 मार्ग पर हुआ। हादसे में पैदल जा रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 59 वर्षीय जय कुमार निवासी गांव संभाल की मौत हो गई। तीसरा हादसा गांव चडियाला के पास हुआ है। 30 वर्षीय नवजोत चौहान की जान चली गई। नवजोत खरड़ का रहने वाला था। मोटरसाइकिल से एक शादी समारोह में जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। चौथा हादसा चीमा बॉयलर के पास हुआ। चीमा बॉयलर के समीप देर रात दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत में 27 वर्षीय सोफा रिपेयर का काम करने वाले एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कजहेड़ी चंडीगढ़ निवासी मोहम्मद साहिल के रूप में हुई है।