वीआईपी रोड से अतिक्रमण हटवाती पुलिस की टीम। -संवाद
- फोटो : MOHALI
जीरकपुर। वीआईपी रोड से बुधवार को पुलिस ने रेहड़ी-फड़ी वालों को हटवाया। यह कार्रवाई जीरकपुर के एसएचओ राजपाल गिल के नेतृत्व में हुई। दरअसल पिछले दिनों से वीआईपी रोड पर की लगातार मिल रहीं शिकायतों के मद्देनजर पुलिस दो दिन से कार्रवाई में जुटी है। क्योंकि यहां फूड स्टालों पर सरेआम शराब परोसी जाती थी, जिसके बाद यहां लड़ाई-झगड़े होते थे। इसके अलावा यहां सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े होने के चलते जाम भी लग जाता था। हालात ऐसे बन गए थे कि शाम के वक्त लोगों का यहां से निकलना मुश्किल हो जाता था। अब पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि बुधवार देर शाम तक एसएचओ राजपाल गिल वीआईपी रोड पर पुलिस टीम के साथ डटे रहे। नतीजतन पूूरे वीआईपी रोड की सड़कें खाली थीं, एक भी रेहड़ी-फड़ी वाला यहां नजर नहीं आ रहा था।
नहीं पहुंचा नगर काउंसिल का एक भी मुलाजिम
जीरकपुर को अतिक्रमण मुक्त करने की जिम्मेदारी नगर काउंसिल की है, लेकिन यहां शाम के समय एक भी नगर काउंसिल का मुलाजिम मौके पर नहीं था। पुलिस ने अकेले ही यहां मोर्चा संभाल रखा था। नियम के अनुसार पुलिस के सहयोग के साथ नगर काउंसिल के अतिक्रमण विंग को चालान करना चाहिए। पुलिस और नगर काउंसिल की टीम दोनों मिलकर इसे अभियान के तौर कुछ दिनों तक चलाए तो वीआईपी रोड अतिक्रमण व जाम की समस्या को कम किया जा सकता है।
दुकानों तक सीमित रखें सामान
नगर काउंसिल जीरकपुर के ठेका आधारित कर्मचारी यूनियन के प्रधान रविंद्र पाल ने बताया कि उनकी तरफ से दुकानदारों को पहले भी कई बार अपील की जा चुकी है, कि वे अपना सामान दुकानों तक ही सीमित रखें। लेकिन यहां कुछ दुकानदार अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैला देते हैं। वहीं, कुछ अपनी दुकान के आगे रेहड़ियां लगवा देते हैं, जिसके चलते यहां ट्रैफिक जाम लगने से लोगों को परेशान होना पड़ता है।