खरड़। स्थानीय सदर पुलिस ने एक परिवार के दस लोगों को कनाडा भेजने का झांसा देकर चार करोड़ चालीस लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में इमिग्रेशन एवं ट्रैवल एजेंट दंपति के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले में आरोपी सन्नी एनक्लेव खरड़ निवासी राजेश शर्मा और उसकी पत्नी ज्योति शर्मा है।
पीड़ित अमनदीप सिंह निवासी रायकोट ने जिला मोहाली के एसएसपी को शिकायत दी थी कि राजेश शर्मा और उसकी पत्नी ज्योति शर्मा ने अपने घर में ही इमिग्रेशन एवं ट्रैवल एजेंट का दफ्तर खोला हुआ है। उन्होंने 2017 में अपने परिवार समेत पक्के तौर पर कनाडा की पीआर लेने के लिए इनके साथ संपर्क किया था। अमनदीप ने अपने परिवार व रिश्तेदार के दस लोगों को कनाडा में पीआर दिलवाने की बात दंपति से की थी।
इसके लिए दंपति ने कहा था कि सभी दस लोगों को कनाडा की पीआर दिलाने के लिए चार करोड़ चालीस लाख रुपये का खर्च आएगा। इस पर अमनदीप समेत परिवार के दस लोगों ने कनाडा जाने की चाहत में आरोपी दंपति को पूरी रकम का भुगतान कर दिया था।
इसके कुछ समय बाद आरोपियों ने अमनदीप को बताया कि उनका विदेश जाने का पक्का वीजा अप्लाई कर दिया है। इसके बाद काफी दिन गुजर जाने के बाद दोबारा वीजा के बारे में पूछा तो दंपति ने उन्हें कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। इस पर उन्हें शक हुआ तो अमनदीप ने वीजा की लगाई गई फाइलों के बारे में पता करवाया तो खुलासा हुआ कि वीजा के लिए उनकी फाइल अप्लाई ही नहीं की गई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपी दंपति से चार करोड़ चालीस लाख रुपये वापिस मांगे तो आरोपियों ने चार करोड़ चालीस लाख रुपये के अलग-अलग चेक बनाकर उन्हें दे दिए।
इसके बाद चेक बैंक में लगाए तो वहां से बाउंस हो गए। इस पर शिकायतकर्ता ने आरोपियों से अपनी पूरी रकम वापिस मांगी। लेकिन आरोपी पैसे लौटाने में टालमटोल करते रहे और फिर कुछ दिन बाद फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।