मोहाली। फेज-1 थाना क्षेत्र की पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चार चोरी के मोटरसाइकिल और करीब 20 दोपहिया वाहनों के स्पेयर पार्ट्स बरामद हुए हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू, संजय, दीपक कुमार और रणजीत कुमार के रूप में हुई है। राजू और संजय मलोया, चंडीगढ़ के निवासी हैं। दीपक कुमार बहलोलपुर और रणजीत कुमार झामपुर गांव के रहने वाले हैं। दीपक और रणजीत कबाड़ का कारोबार करते हैं। पुलिस चौकी प्रभारी हरप्रीत सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर राजू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में राजू ने बताया कि वह चोरी के मोटरसाइकिल संजय को देता था। संजय उनके पुर्जे अलग करता था। ये पुर्जे दीपक और रणजीत को बेचे जाते थे।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने संजय और दोनों कबाड़ियों को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों से चार मोटरसाइकिल और करीब 20 दोपहिया वाहनों के स्पेयर पार्ट्स बरामद हुए। बरामद सामान में 40 टायर, शीशे, हेडलाइट, पेट्रोल टैंक, मडगार्ड और सीटें शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस अब उनके नेटवर्क और चोरी किए गए वाहनों की संख्या की जांच कर रही है।