मोहाली। फेज-सात में रविवार को दो युवकों को रौंदकर मौत के घाट उतारने वाले फॉर्च्यूनर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। दुर्घटनास्थल पर उसका ड्राइविंग लाइसेंस मिला था। आरोपी एकनूर सिंह निवासी गुरदासपुर है। वह बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। इस मामले में तीन अन्य अज्ञात लोगों पर भी केस दर्ज किया गया है।
रविवार सुबह एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार बाइक सवार दो युवकों को करीब 35 मीटर तक घसीटती हुई ले गई थी। दोनों युवक कार के नीचे फंस गए थे। एक पेड़ से टकराकर कार रुकी तो दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक अपने साथियों सहित फरार हो गया था। हादसे में मारे गए युवकों में प्रणव ऊना गगरेट का रहने वाला था, जबकि विशाल यादव रेवाडी का रहने वाला था। दोनों एक ई कॉमर्स कंपनी में काम करते थे और विदेश जाने की तैयारी में थे।