मोहाली। डॉ. बीआर आंबेडकर इंस्टीट्यूट ओल्ड स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी ने बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर की जयंती को समर्पित 11वें पूर्व छात्र मिलन समारोह का आयोजन किया। इस मौके पर पूर्व छात्रों का सम्मान भी किया गया।
संस्थान के प्राचार्य संजीव कुमार मन्नान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रशिक्षक राकेश कुमार अरोड़ा व स्वर्ण सिंह, अधीक्षक लखबीर कौर, प्रोफेसर सरबजीत कौर, जीवन ज्योति व प्रोफेसर अनिल कुमार विशेष अतिथि रहे।
प्रधानाचार्य मनन, विभिन्न हस्तियों और पुराने और नए छात्रों ने बाबा साहेब की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद विभिन्न हस्तियों ने डॉ. बीआर आंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला और लोगों को उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया।
इस मौके पर पे बैक टू सोसाइटी विषय पर आयोजित सेमिनार में संस्थान के पुराने छात्रों ने नये छात्रों के कल्याण के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस अवसर पर राकेश कुमार अरोड़ा ने कहा कि पुराने विद्यार्थियों की तरह नए विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर लक्ष्य तक पहुंचने के लिए निरंतर कड़ी मेहनत करनी चाहिए।
इस अवसर पर प्रशिक्षक स्वर्ण सिंह, प्रोफेसर अनिल कुमार, प्रोफेसर सरबजीत कौर, प्रोफेसर सुनील कुमार, कमांडेंट विजय कुमार, प्रिंसिपल कश्मीर कौर, एडवोकेट गुरदीप सिंह व विद्यार्थियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए पुराने विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस मौके पर हरभजन जल्लोवाल और रमनदीप कौर ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं और बाबा साहेब को याद किया।