डेराबस्सी। पुलिस ने गांव भगवासी के सरपंच की पिटाई के आरोप में गांव की पूर्व सरपंच और उसके पति के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई गांव भगवासी के वर्तमान घायल सरपंच शिव कुमार मेहता के बयान पर की है। पुलिस को घायल सरपंच शिव कुमार मेहता ने बताया कि गांव की पूर्व सरपंच गुरमीत कौर जब सरपंच थीं, तब पंचायत पर उनका करीब एक लाख रुपये बकाया था। वह यह पैसा जमा नहीं कर रही थी। इसको लेकर बीडीपीओ कार्यालय में केस चल रहा था। सुनवाई 12 अप्रैल को डेराबस्सी स्थित बीडीपीओ कार्यालय में हुई थी। वहां पर वह और पूर्व सरपंच गुरमीत कौर और उनके पति कुलविंदर सिंह भी तारीख पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व सरपंच गुरमीत कौर और उनके पति कुलविंदर सिंह ने बिना कुछ कहे उनके साथ मारपीट की और सरकारी रिकार्ड भी फाड़ दिया। हमले में वह घायल हो गया और उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष जसकंवल सिंह ने बताया कि घायल सरपंच शिव कुमार मेहता के बयान के आधार पर पूर्व सरपंच गुरमीत कौर और उसके पति कुलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।