जीरकपुर। 17 वर्षीय नाबालिग की शिकायत पर जबरन संबंध बनाने व गर्भवती होने पर दवाई खिलाने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार चल रहा है। आरोपी की पहचान हरियाणा के पानीपत निवासी सुरिंदर सिंह के तौर पर हुई है।
पुलिस को दी गई शिकायत में नाबालिग ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र जिले के गांव लाडवा में 11वीं में पढ़ती है। पिछले छह महीने से वह मां व उनके दोस्त सुरिंदर के साथ जीरकपुर की एक सोसायटी में रह रही थी। सुरिंदर सिंह उसकी मां की गैर हाजिरी में उससे छेड़छाड़ करता था और धमकाता था कि यदि किसी को बताया तो बुरा होगा। इसके बाद एक दिन सुरिंदर सिंह व उसकी मां का आपस में झगड़ा हो गया। फिर उसकी मां कमरे की कुंडी लगाकर सो गई और सुरिंदर सिंह घर से बाहर चला गया। कुछ समय बाद वह शराब के नशे में उसके कमरे में आया। आते ही उसने उसका मुंह बंद कर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। उसके डर से उसने अपनी मां को कुछ नहीं बताया। इसके बाद भी उसने कई बार उससे दुष्कर्म किया, जिस कारण वह गर्भवती हो गई। इसके बाद सुरिंदर ने उसे गर्भपात की दवा खिलाई तो उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर उसकी मां ने शक पर जब उससे पूछा तो उसने सारी बात मां को बता दी। इसके बाद उसकी मां ने जीरकपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई।