मोहाली। कोरोना काल के बीच शिक्षा विभाग 13 नए ईटीटी अध्यापकों की नियुक्ति करने जा रहा है। नियुक्ति की यह प्रक्रिया पांच साल पहले शुरू हुई थी। अब जाकर बीसी कैटेगरी के 13 अध्यापकों को स्टेशन अलॉट करने के आदेश जारी किए गए हैं। यह प्रक्रिया आज यानी वीरवार 23 जुलाई को होगी।
डायरेक्टर शिक्षा विभाग ने 9 नवंबर 2015 को ईटीटी अध्यापकों के 4500 पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की थी। इन पदों को लेकर राज्य भर में काफी उठापटक हुई। अब इनमें से 13 अध्यापकों को स्टेशन अलॉट करने की प्रक्रिया आज पूरी की जाएगी। इन 13 अध्यापकों की नियुक्ति प्रोविजनल मेरिट सूची के आधार पर की गई है। सभी 13 अध्यापकों को विभाग द्वारा सूचित किया जा चुका है। इन्हें 22 जुलाई वीरवार को मोहाली स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय में सुबह 10 बजे बुलाया गया है। जहां यह उम्मीदवार अपने दस्तावेज लेकर पहुंचेंगे। दस्तावेजों की वेरिफिकेशन के बाद इन्हें स्टेशन अलॉट किए जाएंगे।