मोहाली। पांच पंजाबी युवकों को जिन्हें डंकी रूट से अमेरिका जाते समय कोलंबिया के कैपुरगाना में कथित रूप से बंदी बना लिया गया था, उनको राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू के हस्तक्षेप से सफलतापूर्वक छुड़वा लिया गया है। पांच पंजाबी युवक जिनमें से चार की उम्र 20 और एक की 30 साल थी, ये डंकी रूट से अमेरिका जाने की कोशिश कर रहे थे। कोलंबिया कैपुरगाना शहर में एक स्थानीय गिरोह ने उन्हें पकड़कर बंधक बना लिया था और उन्हें रिहा करने के लिए उनके माता-पिता से फिरौती की मांग की थी। इस मामले की जानकारी मिलने पर संज्ञान लेकर राज्य सभा सांसद सतनाम संधू ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने और कोलंबिया के कैपुरगाना में फंसे पंजाबी युवकों को बचाने और सुरक्षित वापस लाने की अपील की। इसको लेकर संधू ने कोलंबिया में भारतीय दूतावास के अधिकारियों से भी संपर्क किया।
जो युवक छुड़वाए गए हैं इनकी अमृतसर के लवदीप सिंह, जालंधर के गुरप्रीत सिंह, अमृतसर के करणदीप सिंह, जालंधर के गुरनाम सिंह और अमृतसर के रमनदीप सिंह के रूप में हुई है। ये पांचों पंजाबी युवक करीब चार महीने पहले अपने पैतृक स्थानों अमेरिका जाने के लिए निकले थे।