मोहाली। जिले में शुक्रवार को कोरोना महामारी से पांच लोगों की मौत हुई, जबकि 70 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही 198 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है। डीसी गिरीश दियालन ने लोगों से अपील की है कि वह कोरोना गाइडलाइन का पालन करें, क्योंकि अभी तक महामारी की लहर कमजोर जरूर पड़ी है, लेकिन खतरा बरकरार है।
वहीं, शुक्रवार को कोरोना महामारी से जान गंवाने वालों के बारे में जिला प्रशासन ने ज्यादा जानकारी नहीं दी है। जबकि इस दौरान संक्रमित लोगों में डेराबस्सी के 9, ढकोली के 13, लालड़ू के 2, बूथगढ़ के चार, घडुआं का एक, खरड़ के 17, कुराली और मोहाली में 23 संक्रमण के मामले सामने आए हैं। जबकि कुछ एरिया से संक्रमण का कोई भी केस नहीं आया। वहीं, जिले में अब तक कोरोना संक्रमण के 67686 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 65658 लोग ठीक हो चुके हैं और अभी 1013 सक्रिय हैं। जबकि 1015 लोगों की महामारी से मौत हुई है। बता दें कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। लोगों की सुविधा के लिए मेडिकल हेल्पलाइन 24 घंटे चलती है। इस तरह कोवा हेल्पलाइन पर भी पूरी जानकारी मुहैया करवाई जा रही है।