मोहाली। सेक्टर-70 स्थित होमलैंड सोसायटी में पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से पुलिस ने दो लैपटॉप, 12 स्मार्टफोन, 8 कीपैड वाले फोन, 20 फोन सेटअप और दो लग्जरी कारें बरामद की हैं। इसे लेकर मटौर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व 13 पब्लिक गैंबलिंग एक्ट तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिमन्यु, हिमांशु, ताहिर महाजन, पवनदीप व मानिक बांसल के रूप में हुई है। मंगलवार को इन्हें अदालत में पेश किया तो इनका पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला। रिमांड के दौरान पुलिस को अहम खुलासे होने की संभावना है। मामले की पुष्टि डीएसपी सिटी-1 सुखनाज सिंह ने की है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को पुलिस ने विशेष तलाशी अभियान चलाया। इसके तहत होमलैंड सोसायटी में किराएदारों की जांच की गई। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सोसायटी के एक फ्लैट में कुछ लोग जिम्बाब्वे-अफगानिस्तान के बीच में खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाने का काम कर रहे हैं। दूसरी ओर, सूचना को आधार बनाकर पुलिस ने फ्लैट की तलाशी लेते हुए पांच युवकों को काबू किया। उनके पास से पुलिस ने उक्त सामान बरामद किया। पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपी मैच पर सट्टा लगाने का काम करते थे। पुलिस की कोशिश होगी कि रिमांड के दौरान पता लगे कि आखिर ये आरोपी कितने समय से इस धंधे को अंजाम दे रहे थे और कितने लोग इस नेटवर्क में शामिल हैं।