लांडरां/बनूड़। शहर के माई बन्नो मंदिर के सामने मुख्य बाजार को जाने वाली सड़क के पास बिजली के ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से आग लग गई। इस कारण स्ट्रीट लाइट का मीटर जलकर राख हो गया। शहर के बिजली विभाग के जेई अमरनाथ ने बताया कि सुबह करीब साढ़े छह बजे माई बन्नो मंदिर के सामने लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग हो रही थी। इससे निकली चिंगारी ट्रांसफार्मर के नीचे पड़ी भूसे पर गिरी। इसके बाद आग लग गई। जब उन्हें आग लगने की सूचना मिली, तो वे मौके पर पहुंचे और बिजली की आपूर्ति बंद करवाकर बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक बिजली के ट्रांसफार्मर के खंभे पर लगा स्ट्रीट लाइट का मीटर जलकर राख हो गया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग शहर के मुख्य बाजार के रास्ते में लगी थी। बिजली विभाग के अधिकारियों ने ट्रांसफार्मरों के पास कूड़ा और अन्य सामान फेंकने वाले लोगों को चेतावनी दी कि यदि उन्होंने वहां कूड़ा फेंकना बंद नहीं किया, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।