यात्रियों को जम्म-कटरा लेकर जा रही एक प्राइवेट बस में जीरकपुर स्थित मैक डोनाल्ड के पास अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। रविवार अल सुबह हादसे के वक्त बस में सभी यात्री सो रहे थे। देखते ही देखते बस में धुआं भर गया और यात्रियों का दम घुटने लगा। ऐसे में बस में चीख पुकार मच गई। हालांकि बस ड्राइवर की सूझ बुझ दिखाते हुए तुरंत बस को हाईवे के किनारे रोक दिया।
चूंकि आग ड्राइवर के केबिन में लगी थी, ऐसे में बस की खिड़की के शीशे तोड़कर करीब 20 यात्रियों ने अपनी जान बचाई। बस में अचानक धुआं भरने से कई यात्रियों को बेहोशी छाने लगी थी, जिन्हें जैसे-तैसे दूसरे यात्रियों ने बाहर निकाला। समय रहते सभी यात्री सकुशल बस से बाहर आ गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ड्राइवर और कंडक्टर ने बस में रखे अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पा लिया।
रविवार की अल सुबह मैक डी स्थित 200 फुट सड़क से जैसे ही प्राइवेट बस की बस चंडीगढ़-अंबाला हाईवे की तरफ दिल्ली मार्ग पर निकली तभी अचानक बस में आग लग गई। हादसे के वक्त स्लीपर बस में बीस यात्री सवार थे, उस समय सभी गहरी नींद में थे। उस समय हाईवे पर तैनात पुलिस की पेट्रोलिंग टीम से बस ड्राइवर और कंडक्टर ने मदद ली और यात्रियों को खिड़की के शीशे तोड़कर बचाया। फायर अफसर मंजीत सिंह ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक बस में लगी थी।
एयरपोर्ट रोड पर लगा जाम
बीच सड़क पर आग लगने के चलते एयरपोर्ट रोड पर अफरातफरी मच गई। जो वाहन एयरपोर्ट रोड से निकल रहे थे, आग लगने चलते वहीं रुक गए। करीब एक घंटे बाद यात्रियों को बचाने के बाद यातायात सुविधा बहाल की गई। बता दें कि सुबह के समय चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आने और जाने वाले यात्रियों का तांता लगा रहता है। ऐसे बस में आग लगने के चलते ट्रैफिक रोकनी पड़ी, जिसके चलते यात्रियों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ा।