मोहाली सेक्टर 70 के पार्क में बनी लाइब्रेरी में मीटिंग करते इलाके के लोग।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। शहर के प्रमुख पार्कों में बनाई गई लाइब्रेरियों का उद्घाटन नगर निगम और सेहत मंत्री द्वारा एक ही दिन अलग-अलग समयों पर किया गया था। हालांकि उद्घाटन करने के बाद भी अब तक लाइब्रेरियों में किताबें नहीं पहुंच पाई हैं। ये लाइब्रेरियां उद्घाटन करने के बाद भी किताबों को तरस रही हैं। इस वजह से पार्कों में आने वाले बुजुर्गों, बच्चों व आम लोगों को काफी परेशानी आ रही है। सिर्फ फेज 4 के बोगेनविलिया पार्क की लाइब्रेरी में ही किताबें रखी हुई हैं, क्योंकि इस पार्क में जो लाइब्रेरी है वो सरकारी लाइब्रेरी शिफ्ट हुई है। यहां पर सरकारी लाइब्रेरी से आई किताबें व अन्य सामान रखा हुआ है। शहर की लाइब्रेरियों को सही ढंग से चलाने के लिए अब लोगों ने खुद ही मोर्चा खोलने का फैसला किया है।
नगर निगम की ओर से सेक्टर 70 में खोली गई लाइब्रेरी को सही ढंग से चलाने के लिए रविवार को इसी सेक्टर के लोगों की मीटिंग हुई। इसमें लाइब्रेरी को लेकर पेश आ रहीं समस्याओं के बारे में विचार विमर्श किया गया। साथ ही इस मामले में नगर निगम के कमिश्नर को मिलने का फैसला भी लिया गया।
इलाके के पार्षद सुखदेव पटवारी की अगुवाई में हुई इस मीटिंग में बताया कि लाइब्रेरी खोल तो जरूर दी गई है, लेकिन अभी तक इसको लाइब्रेरी नहीं कहा जा सकता। क्योंकि लाइब्रेरी में न तो दान की गई किताबें पहुंची हैं और न ही नगर निगम की ओर से किताबें आई हैं। यहीं नहीं लाइब्रेरी में स्टाफ रखा तो जरूर रखा गया है पर स्टाफ के पास न को लाइब्रेरी संबंधी कोई रजिस्टर है, न ही किताब जारी करने के नियम और स्टेशनरी समेत अन्य सामान है।
सफाई और शौचालयों तक का प्रबंध नहीं
लाइब्रेरी में पीने वाले पानी से लेकर सफाई और शौचालयों तक के लिए प्रबंध नहीं है। मीटिंग में लाइब्रेरी में सुधार के लिए एक कमेटी बनाई गई, जिसका प्रधान सुखदेव पटवारी को चुना गया। लाइब्रेरी की सुंदरता के लिए मौके पर लोगों द्वारा फंड भी इकठ्ठा किया गया और बाकी मेंबरों को भी लाइब्रेरी के लिए हर माह मदद देने की अपील की गई।