टूटकर जीप पर गिरे बिजली के तार में लगी आग, चालक की जान बची
- जीप चालक को करंट लगते ही स्पीड बढ़ाकर आगे भगाई, टायर पर पड़े जलने के निशान
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। बरवाला रोड पर सैदपुरा के नजदीक एक गली में अचानक बिजली की तार टूटकर नीचे से गुजर रही जीप के ऊपर जा गिरा और तार में आग लग गई। गनीमत रही कि जीप तेज स्पीड से भगाने पर चालक की जान बच गई, नहीं तो उसकी जान जा सकती थी। इस हादसे में जलते हुए बिजली के तार से जीप के टायर पर जलने के निशान पड़ गए हैं। जानकारी के मुताबिक यह हादसा सैदपुरा से जीबीपी की ओर जाने वाली सड़क पर माहीवाल फीडर वाली बिजली की तार में लगे जोड़ के अचानक टूटने के कारण हुआ है। नीचे गिरे करंट वाले तार में आग लगने से स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने बताया कि बिजली कर्मियों की लापरवाही के कारण बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि बिजली कर्मचारियों ने तार में इतने जोड़ लगा रखे हैं कि कोई भी तार कभी भी टूटकर नीचे गिर सकती है। लोगों ने कहा कि बिजलीकर्मी इतने लापरवाह हैं कि कई ट्रांसफार्मर के जोड़ नंगे रह जाते हैं, जिससे वहां से निकलने वाले किसी भी व्यक्ति को करंट लगने का डर रहता है, और जान भी जा सकती है। लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि बिजली के तार को सही तरीके से बिछाया जाए ताकि लोगों की जान को खतरा न हो। एसडीओ कमलप्रीत ने कहा कि यह मामला मेरी जानकारी में नहीं आया है, उन्होंने कहा कि मौके पर कर्मचारी भेजकर तार को चेक करवाकर ठीक करवा दिया जाएगा।