मोहाली। फेज-9 के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित प्लॉट नंबर 37 में सोमवार सुुबह भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां कोई काम नहीं कर रहा था, इसलिए किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के मुताबिक इस फैक्टरी में ऊपरी मंजिल पर यहां पर काम करने वाले चार-पांच कर्मचारी रहते हैं। सुबह जब करीब साढ़े चार बजे के बीच आग लगी तो उन्हें सबसे पहले पता चला। धुआं उठने पर वे बाहर की तरफ भागे तो पता चला कि ग्राउंड फ्लोर पर काफी ज्यादा आग लगी हुई थी। उन्होंने पहले सामान बचाने का प्रयास किया लेकिन आग बढ़ती देख वे जान बचाकर बाहर चले गए। उन्होंने फैक्टरी मालिक अरुण गोयल को मामले की सूचना दी। इस पर वे तुरंत अपने घर सेक्टर-63 से वहां के लिए निकले और रास्ते में ही उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित कर दिया।
फैक्ट्री मालिक ने बताया कि उनकी एजी फाइबर नाम से फैक्टरी है। वहां पर फाइबर के तकिए, रजाइयां, गद्दे, कुशन आदि बनाने का काम करते थे। उन्होंने बताया कि सर्दी का मौसम होने के चलते काफी ज्यादा मैटीरियल भी फैक्टरी में पड़ा हुआ था। आग लगने के कारण करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
चार गाड़ियों ने दो घंटे में बुझाई आग
अरुण गोयल ने बताया कि जब उन्हें फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली तो तुरंत ही उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम तथा फायर ब्रिगेड को इस बारे में बताया। जब वह वहां पहुंचे तो आग काफी फैल गई थी। कुछ समय बाद फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई थी। कुल चार गाड़ियों ने मिलकर दो घंटे में आग बुझाई।