कुराली। शहर के सिविल अस्पताल में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजली की स्पार्किंग से ओपीडी के एक कमरे में आग लग गई। घटना के समय ओपीडी बंद हो चुकी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक ओपीडी के एक कमरे से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग भड़क गई। अस्पताल में मौजूद लोगों ने तुरंत मरीजों को बाहर निकाला और अस्पताल में रखे अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग बढ़ती देख इसकी सूचना तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से अस्पताल में बड़ा नुकसान होने से बचाव हो गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बताया कि घटना ओपीडी समाप्त होने के बाद हुई और सभी मरीज व स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित हैं। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।